गाय और सडक



  थोड़े समय पहले गाय और सड़क में कोई नाता नहीं था। सड़क गाँव के बाहर रहती थी और गाय किसान के घर में। एकाएक गाय की इज़्जत बढ़ने लगी। और किसानों ने दूध नहीं दे रही गाय को घर में रखना बन्द कर दिया। 

गाय क्या करती! वह आसरे के लिए सड़क के पास गई। सड़क नियम कायदे वाली थी। उसने कहा, “रह लो, पर ट्रेफिक के नियम का पालन करते हुए रहना।” गाय सड़क पर रहने लगी। उसे पता था कि चलने का काम लेफ्ट में करना चाहिए,  इसलिए वह नियम के हिसाब से लेफ्ट में बैठी। उसका मुँह जुगाली करते हुए चलता जो रहता था। 

सड़क ने देखा कि लेफ्ट और लेफ्ट में भी तालमेल नहीं है, गाय के लेफ्ट में होने से लोगों को लेफ्ट में चलने में दिक्कत हो रही है। फिर उसे ख्याल आया कि रोड डिवाइडर के बिना वह भी तो आदर्श सड़क नहीं है। उसने गाय से कहा कि आप बीच में बैठा कीजिये। उसने मन ही मन सोचा, इस तरह डिवाइडर का काम भी होता रहेगा।

 गाय सड़क के बीचोंबीच बैठने लगी। एक रात एक बाइक वाला गाय को देख नहीं पाया और उससे टकराकर घायल हो गया। सुबह अखबार वालों ने लिखा कि यह दुर्घटना रोड डिवाइडर ना होने के कारण हुई। सड़क ने अखबार पढ़ा तो गाय से पूछा, “रात में आप कहीं गई थीं क्याॽ” 

गाय तमतमाकर बोली, “नहीं तोॽ आपने सोच कैसे लिया कि मैं अपने फर्ज से टलूँगी। आप तो यहाँ पड़ी रहती हैं, आपको पता भी है कि मेरी बहनों ने चौराहे पर रोटरी भी बना दी है।”  

“माफ कीजिए, आप तो नाराज़ हो गई। ये अखबार वाले भी झूठ-सच सब एक किए रहते हैं।” सड़क ने माफी मॉंगकर मामला शान्त किया। 

दुर्धटना की खबर ट्रेफिक वालों ने भी देखी। गाय के रोल से तो वो खुश थे। उन्होंने सोचा तो ध्यान गया कि रात में सड़क की लाइटें अक्सर बन्द रहती हैं। और जुगनुओं को यातायात के प्रति अपनी जिम्मेदारी अब तक समझ नहीं आई है। अचानक एक बन्दे की ऑंखों में कुछ चमका। उसने कहा, अगर हम गाय के सींगों पर रेडियम लगा दें तो मसला हल हो जायेगा। उनकी तरफ से दो आदमियों का एक्शन ग्रुप गाय के पास गया और उसके सींगों में रेडियम चिपका आया। अब गाडि़यों की लाइट में गाय के सींग दूर से ही चमकते हुए दिख जाते हैं। इससे रात में एक्सीेडेन्ट होना बन्द हो गये। 

फिलहाल ट्रेफिक वाले बेफिकर हैं। बस, सड़क कभी-कभी चिन्ता में पड़ जाती है। उसे मालूम है कि जल्दी ही गाय को बच्चा होने वाला है। बच्चा होने पर उसका दूध निकाला जा सकेगा। तब किसान उसे रोड डिवाइडर थोड़ी रहने देगा! 

आकर घर ले जाएगा।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पढ़ना; ज़रा सोचना!

मैं भी समझ रहा हूँ

बिल्ली की धनतेरस